ambikpur

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा प्रेम विवाह की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ने का मामला सामने आया है। युवक करीब चार घंटे तक टावर पर बैठा रहा और मांग पूरी नहीं होने पर कूदने की धमकी देता रहा। बाद में समझाइश के बाद नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, छीरोपारा निवासी योगेश यादव (27) मंगलवार सुबह लगभग 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने शर्त रखी कि जब तक उसकी शादी मनपसंद युवती से नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक अड़ा रहा। लगभग चार घंटे बाद परिजनों द्वारा समझाने और आश्वासन देने पर वह स्वयं नीचे उतर आया।

बताया जा रहा है कि युवक गांव की एक युवती से विवाह करना चाहता था, जबकि युवती ने इस संबंध से साफ इनकार करते हुए युवक पर परेशान करने और छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। युवती द्वारा इस संबंध में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
लुंड्रा थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल के अनुसार, युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Mar 25, 2026 #ambikpur news, #CG news, #Chhattisgarh news, #CM Vishnudeo Sai, #Hindi news in Raipur