बलौदाबाजार। Balodabazar viral video: पुलिस लाख कोशिश कर लें पर आदतन बदमाश सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक नजारा छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में देखने को मिला है। जहां जमानत पर रिहा हुए नौ आरोपियों ने कार से काफिला निकालकर रैली की।
इतना ही नहीं कार की खिड़की से लटककर स्टंटबाजी की। फिर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को दोबारा जेल पहुंचा दिया। मामला भाटापारा शहर थाना क्षेत्र का है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी बदमाश कार की खिड़कियों से बाहर लटके हुए हैं। वहीं कुछ कार की खिड़कियों पर बैठे हुए हैं। तीन से चार आरोपियो ने कार में सवार होकर सड़क पर जमकर हुड़दंग मचाया। इस दौरान उनके समर्थकों ने रैली निकालकर फूल माला पहनाकर उनका स्वागत-सत्कार किया। पटाखे फोड़कर आतिशबाजी भी की। सभी जश्न मनाते नजर आए।
आरोपियों में कानून का कोई भय नहीं है। बीच सड़क पर उनका यह तमाशा चलता रहा। ऐसा लग रहा है आरोपी मानों कहीं से जंग जीतकर आ रहे हो। बताया जाता है कि पांच जून की रात सभी आरोपी जेल से रिहा हुए। रात दस बजे कल्याण सागर वार्ड स्थित तालाब पार रोड पर कार-बाइक से रैली निकाली। इस दौरान आरोपियों ने हुड़दंग मचाया और मोहल्लेवासियों के साथ बदसलूकी भी की।
देखें वीडियो
