Gariaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के आमदी ग्राम पंचायत में महादेव के जयकारों के बीच शनिवार को नर्मदेश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा समारोह हुआ। इस ग्राम पंचायत के शिक्षक नगर के शिवलिंग मंदिर प्रांगण में नर्मदेश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा और भव्य महाशिवरात्रि समारोह-2026 का शुभारंभ हुआ।
शोभायात्रा में लोगों का हुजुम
पहले दिन आयोजित भव्य कलश शोभायात्रा में लोगों का हुजुम उमड़ा, इससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। इसके बाद शोभायात्रा ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के साथ मंदिर प्रांगण से रवाना हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारे लगा रहे थे। शोभा यात्रा शिक्षक नगर आमदी से होते हुए पुराना आमदी शीतला मंदिर तालाब के तट पर पहुंची।
पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत
मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। शीतला मंदिर तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया। इसके बाद सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धालु पैदल वापस मंदिर प्रांगण पहुंचे। आयोजन समिति ने बताया कि शनिवार को शिव परिवार का नगर भ्रमण और विशेष पूजन हुआ। जबकि 15 फरवरी रविवार को प्राण प्रतिष्ठा, महाशिवरात्री महोत्सव और भंडारा का आयोजन किया जायेगा। मौके पर सोहन देवांगन, अवधराम देवांगन, विक्रम साहू, कमलेश गोस्वामी, नीलक्ष साहू, अमित देवांगन, राकेश सोनी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
Feb 14, 2026

