रायपुर। CG BJP: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने सोमवार को कांग्रेस द्वारा राजधानी में किए गए प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि यह अपराधों के खिलाफ अपराधियों के संगठित गिरोह का आंदोलन था। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भी नैतिक रूप से इस आंदोलन के पक्ष में नहीं थे और इसलिए अंतरात्मा की आवाज सुनकर कांग्रेस कार्यकर्ता इस आंदोलन में शरीक ही नहीं हुए। कांग्रेस का यह प्रदर्शन ‘उल्टा चोर कोतवाल को डाँटे’ की कहावत को चरितार्थ करने वाला था।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री श्रीवास्तव ने सोमवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस के इस प्रदर्शन को लेकर जनता में आश्चर्य रहा कि अपने पाँच वर्षों के शासनकाल में कांग्रेस ने अपराधियों के समान शासन चलाने वाली, अपराधियों की तरह व्यवहार करने वाली कांग्रेस आज कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। प्रदेश में भाजपा के सत्तासीन होने के बाद से जितनी भी आपराधिक घटनाएँ हुई हैं, उनमें अधिकांश मामलों में कांग्रेस के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आई है। कांग्रेस शासनकाल में अपराध, नशाखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर रहा।
श्रीवास्तव ने कांग्रेस की अपराधों में संलिप्तता के कुछ प्रमुख मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद जितने भी अपराध हुए हैं, उनमें बड़े अपराधो में कांग्रेस के नेताओं की संलिप्तता साबित हुई है। चाहे सरगुजा जिले के सूरजपुर में युवक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप साहू ने सरगुजा में मां व बेटी की 13 अक्टूबर, 2024 को हत्या हो, चाहे गिरौदपुरी धाम को अपने राजनीतिक षड्यंत्र का केंद्र बनाकर बाद में उसी की आड़ में 11 जून, 2024 को बलौदाबाजार में कलेक्टर-एस पी कार्यालय जलाने की घटना हो जिसमें कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव जमानत पर हैं, बलौदाबाजार में जातीय विद्वेष फैलाने का काम किया, चाहे कांग्रेस विधायक उत्तरा जांगड़े द्वारा एक सभा में कलेक्टर-एसपी के दफ्तर में घुसकर हिंसा और आगजनी करने के लिए उकसाने वाला भाषण हो। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि बालोद जिले के ग्राम गोटिया में एक शिक्षक देवेंद्र ठाकुर ने 3 सितम्बर, 2024 को आत्महत्या की। इस मामले में पूर्व मंत्री मो. अकबर समेत तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई। बिलासपुर में कल ही 20 अप्रैल को बलात्कार, गर्भात व पीएम आवास के नाम पर 50 हजार रुपए की वसूली के मामले में एक कांग्रेसी पूर्व पार्षद व पूर्व एल्डरमैन काशी रात्रे की गिरफ्तारी हुई है। ऐसे अनेक बड़े मामलों में कांग्रेस नेताओं की संलिप्तता जाहिर हुई है।
Apr 21, 2025