कांकेर। Kanker Naxalite Surrender News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नगर पंचायत पखांजूर में आज शनिवार को तीन नक्सलियों ने सरेंडर किया है। यहां के परतापुर थाने इलाके में तीन माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
हालांकि इस मामले में पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। तीनों नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आधिकारिक बयान जारी किया जायेगा।
बताया जाता है कि सरेंडर करने वाले नक्सलियों में संगीता कुंजाम, संजू और लखमू शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, तीनों माओवादी बिना हथियार के थाना पहुंचे और मुख्यधारा में शामिल हुए।
बस्तर संभाग में लगातार नक्सली ऑपरेशन से नक्सलियों के पैर उखड़ रहे हैं। अभी हाल ही में डीकेएसजेडसीएम पापा राव समेत 18 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। इस दौरान दस लाख रुपये नगद और कई आधुनिक हथियार में बरामद किये गये थे। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सली मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों ने आग्रह किया है कि वो मुख्यधारा में शामिल हो जायें या जवानों का मुकाबला करने के लिये तैयार रहें।
Mar 28, 2026

