बिलासपुर। Bilaspur Crime News: बिलासपुर शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र व्यापार विहार में दिनदहाड़े ठगी की बड़ी वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाश एक व्यापारी को झाड़-फूंक और तबीयत ठीक करने का झांसा देकर तीन लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने पुत्र उमेश कुमार साहू के साथ व्यापारिक कार्य से बिलासपुर के व्यापार विहार पहुंचे थे। वे अपने साथ नकद राशि लेकर आए थे और थोक मंडी से लहसुन प्याज सहित अन्य कृषि उत्पादों की खरीदारी की थी। खरीदारी के बाद जब दोनों चौक के पास से गुजर रहे थे, तभी पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। आरोपियों ने व्यापारी को बातचीत में उलझाया और तबीयत ठीक करने तथा झाड़-फूंक करने का झांसा देकर कुछ दूरी तक साथ चलने के लिए कहा। इसी दौरान मौका पाकर बदमाश व्यापारी के हाथ से लगभग 3 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। अचानक हुई घटना से व्यापारी और उनका पुत्र हक्का-बक्का रह गए। उन्होंने शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार बाइक से भीड़भाड़ वाले इलाके से निकल भागे। मामले में सीसीटीव फुटेज भी सामने आया है।
बहरहाल घटना की सूचना मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने व्यापार विहार और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध बाइक सवारों की गतिविधियां कैमरों में कैद होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस विशेष टीम गठित की है।

