बिलासपुर। Bilaspur news: सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली रील बनाने का जुनून युवाओं पर इस कदर हावी हो रहा है कि वे अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं। बिलासपुर में इन दिनों एक के बाद एक लापरवाही भरे वीडियो सामने आ रहे हैं।
देखें ये वीडियो –
शहर में एक युवती का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह चलती कार की छत पर बैठकर स्टंट करती नजर आ रही है। मामला तुर्काडीह-सकरी बाईपास क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार , सेंदरी के रहने वाले धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने कोनी थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 24 मई 2026 की रात लगभग 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच रायपुर रोड स्थित मौहारपारा निरतू क्षेत्र में एक आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। इस दौरान कार की छत पर एक युवती बैठी हुई थी और स्टंट करते हुए रील बनाई जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह हरकत बेहद खतरनाक थी। युवती की जान जोखिम में होने के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
शिकायत के आधार पर कोनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की जिसके बाद वाहन चालक राहुल कौशिक पिता भागवत कौशिक उम्र 30 वर्ष निवासी सरकंडा को पकड़कर कार्रवाई की है।
इस मामले में एसएसपी बिलासपुर रजनेश सिंह ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार की स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। जो सोशल मीडिया रील के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालते है।
