aarav rajबाल क्रिकेटर आरव राज

रायपुर। CG Sports News: छत्तीसगढ़ के बाल क्रिकेटर आरव राज ने इंटर स्टेट क्लब प्रतियोगिता में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महज साढ़े 13 वर्ष की उम्र में आरव ने 10 हजार से अधिक रन बनाकर एक अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के साथ वे छत्तीसगढ़ के पहले ऐसे क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने इतनी कम उम्र में यह मुकाम हासिल किया है।

राइट हैंड बल्लेबाज आरव का क्रिकेट सफर बेहद कम उम्र में शुरू हुआ। उन्होंने 24 दिसंबर 2017 को केवल पांच वर्ष की आयु में अपना पहला लेदर बॉल क्रिकेट मैच खेला। इसके बाद से उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर अपनी बल्लेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

लगातार साढ़े आठ वर्षों की क्रिकेट यात्रा में आरव ने 352 पारियों में कुल 10,143 रन बनाए हैं। उनके शानदार रिकॉर्ड में 24 शतक और 52 अर्ध शतक शामिल हैं। यह आंकड़े न केवल उनकी बल्लेबाजी क्षमता को दर्शाते हैं, बल्कि खेल के प्रति उनकी गंभीरता और निरंतर प्रदर्शन के भी सबूत हैं।

बच्चों के लिए प्रेरणा बने
आज के दौर में जहां अधिकांश बच्चे मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया में व्यस्त रहते हैं। वहीं आरव ने अपना अधिकांश समय क्रिकेट के मैदान पर बिताया। नियमित अभ्यास, फिटनेस पर फोकस और खुद को लगातार बेहतर बनाने की सोच ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उनकी इस सफलता से परिवार, कोच और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि उन बच्चों के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।